भारत में स्पेसएक्स की तैयारी तेज़ एलन मस्क की स्टारलिंक ने शुरू की हायरिंग, सैटेलाइट इंटरनेट लॉन्च की तैयारी

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के स्वामित्व वाली स्टारलिंक (Starlink) ने भारत में अपने सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं की शुरुआत से पहले पहली हायरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने बेंगलुरु में वित्त और लेखा विभाग से जुड़ी कई नौकरियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

स्टारलिंक ने अपने LinkedIn और SpaceX करियर पोर्टल पर टैक्स मैनेजर, अकाउंटिंग मैनेजर, पेमेंट्स मैनेजर और सीनियर ट्रेज़री एनालिस्ट जैसी भूमिकाओं के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी पद ऑन-साइट (स्थानीय) होंगे — रिमोट या हाइब्रिड विकल्प उपलब्ध नहीं है, और केवल वैध वर्क परमिट वाले उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे।

कंपनी ने कहा, “स्टारलिंक भारत में अपने वित्तीय रिपोर्टिंग और अनुपालन प्रणाली को मज़बूत करने के लिए एक अकाउंटिंग मैनेजर की तलाश में है, ताकि ग्लोबल ऑपरेशंस के साथ तालमेल बन सके।”

स्टारलिंक भारत में 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसके लिए कंपनी ग्राउंड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है और सुरक्षा ट्रायल पूरे कर रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टारलिंक ने मुंबई, चेन्नई और नोएडा में तीन गेटवे स्टेशन खोलने की अनुमति मांगी है, जबकि आगे चलकर चंडीगढ़, कोलकाता और लखनऊ जैसे शहरों में भी विस्तार की योजना है।

लॉन्च के बाद स्टारलिंक का मुकाबला जियो सैटेलाइट और Eutelsat OneWeb जैसी कंपनियों से होगा, जो पहले ही सरकारी मंज़ूरी के अंतिम चरण में हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *