अनिल देशमुख के ठिकानों पर छापेमारी, ईडी ने जारी किया समन

भ्रष्टाचार के मामले में घिरे महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री पर प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) के कसते शिकंजे के आरोपों के सिलसिले में ईडी ने नागपुर में होटल से लेकर कॉलेज तक में छापेमारी की। एक पुलिस अधिकारी द्वारा दिए गए जानकारी के मुताबिक शनिवार को नागपुर के एक होटल में छापेमारी और शुक्रवार को देशमुख द्वारा नियंत्रित नागपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) कॉलेज में तलाशी के बाद ईडी ने अब तक 15 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। सूत्रों ने बताया कि ये सभी व्यक्ति एनआईटी और साई ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े हैं।

मुंबई से आई ईडी की एक टीम ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता देशमुख के खिलाफ धनशोधन की जांच की। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा मार्च 2021 में देशमुख के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद ईडी ने अपनी जांच शुरू की। देशमुख ने अप्रैल में गृहमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और सभी आरोपों से इनकार किया था।

ईडी ने उनके खिलाफ मनी लांड्रिंग के मामलों में तीन ठिकानों पर छापेमारी की है। उधर, राकांपा नेता ईडी के समन को लगातार नकार रहे हैं और चौथे समन में भी ईडी के दफ्तर नहीं पहुंचे। उन्होंने राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। ईडी ने धनशोधन रोकथाम कानून के प्रावधानों के तहत देशमुख को तलब किया क्योंकि एजेंसी मामले में उनका बयान दर्ज करना चाहती है। बता दें कि ईडी इससे पहले भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए अनिल देशमुख को पूछताछ के लिए तीन बार समन भेज चुकी है लेकिन वह एक बार भी पेश नहीं हुए। प्रवर्तन निदेशालय ने चौथा समन भेजते हुए नेता और उनके बेटे हृषिकेश देशमुख को भी सोमवार को दक्षिण मुंबई में जांच एजेंसी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। जवाब में उन्होंने अपने अधिवक्ता इंद्रपाल सिंह के माध्यम से निदेशालय को दो पन्नों का पत्र भेज कहा कि वह अपना प्रतिनिधि भेज रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *