राहुल गांधी ने शेयर की किसान महापंचायत की फेक फ़ोटो, भड़के संबित पात्रा

भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रवक्ता संबित पात्रा ने किसानों के आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर हमला करने के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर सोमवार को निशाना साधते हुए उन्हें दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने वाला बताया।

भाजपा प्रवक्ता ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता पर आरोप लगाया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में किसानों की ‘महापंचायत’ में उमड़ी भीड़ को दर्शाने के लिए जो तस्वीर साझा की है वह किसानों के प्रदर्शन की पुरानी तस्वीर है।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी भली-भांति जानते हैं कि कांग्रेस अध्यक्षविहीन है, इसलिए कांग्रेस जमीन पर किसी भी विषय को उठाने के लिए असमर्थ है। इसलिए कभी सोनिया गांधी अन्य दलों के नेताओं के साथ वर्चुअल बैठकें करती हैं तो कभी राहुल गांधी झूठी फोटो के माध्यम से राजनीति करने की कोशिश करते हैं।”

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा, “राहुल गांधी वर्तमान समय की भारतीय राजनीति की राजनीतिक कोयल बन गये है। कोयल कभी मेहनत नहीं करती है। वह कभी भी अपना घोंसला खुद नहीं बनाती है। दूसरे के घोसले में आनंद की अनुभूति करने की चेष्टा ही ‘पॉलिटिकल कूकू ऑफ इंडियन पॉलिटिक्स’ है।

अपने संगठन को आगे नहीं बढ़ाना, उसे अध्यक्षविहीन रखना, खूद परिश्रम नहीं करना और दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने का प्रयास करना, यह राहुल गांधी की आदत बन चुकी है।” उन्होंने कहा,”देश में जब भी भ्रम की, झूठ की राजनीति होती है, तो राहुल गांधी का हाथ होता ही है।

आज राहुल गांधी ने किसान आंदोलन की पुरानी तस्वीर को ट्वीट कर उसे वर्तमान का फोटो बताया है।” गौरतलब हो कि राहुल गांधी ने मुजफ्फरनगर में किसानों की ‘महापंचायत’ के बाद सोमवार को आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया था “डटा है, निडर है, इधर है भारत भाग्य विधाता!”

पात्रा ने टीकाकरण अभियान की सराहना ना करने के लिए भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। अभियान को लेकर उन्होंने कहा “विश्व का सबसे तेज और सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है और पूरा विश्व इसकी सराहना कर रहा है।

लेकिन राहुल गांधी एक भी ट्वीट टीकाकरण के संदर्भ में नहीं करते हैं। देश में करीब 68.75 करोड़ लोगों को टीकों की एक खुराक लग चुकी है। इतनी बड़ी आबादी को टीका लग जाने के बाद भी राहुल गांधी का एक भी ट्वीट नहीं आया है।

बीते दो दिनों में एक करोड़ से अधिक टीके लगी थीं लेकिन इसके बावजूद झूठी तस्वीर के माध्यम से भ्रम फैलाने वाले इस पर चुप रहते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *