मुंगेर- लिपि सिंह की जदयू प्रत्याशी के साथ तस्वीर वायरल, उठे सवाल

मुंगेर की पूर्व एसपी और जदयू नेता आरसीपी सिंह की बेटी लिपि सिंह एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही हैं। हाल ही में मुंगेर हिंसा के दौरान उनकी कार्यशैली पर सवाल उठे थे और अब उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है।

यह तस्वीर इसी चुनाव की है या पुरानी है इस बात की पुष्टि नही हो सकी है। इस तस्वीर में लिपि सिंह जदयू सरकार में मंत्री और जमालपुर से जदयू प्रत्याशी शैलेश कुमार के साथ हेलीकाप्टर में बैठी नजर आ रही हैं।

यह तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग इसको लेकर तमाम तरह की चर्चा कर रहे हैं। आपको बता दें कि दबी जुबान से लोग मुंगेर में हुई हिंसा को राजनीतिक दृष्टिकोण से जोड़ रहे हैं। साथ ही यह कोई पहला मौका नही है जब किसी तस्वीर को लेकर लिपि सिंह विवादों में घिरी हैं।

इससे पहले अनंत सिंह की साकेत कोर्ट में पेशी के दौरान लिपि सिंह ने एक जदयू नेता की कार का इस्तेमाल किया था। यह तस्वीर भी काफी वायरल हुईं थी। इसको लेकर भी काफी विवाद हुए थे।

उस समय वह एएसपी थीं और अनंत सिंह के गिरफ्तारी के बाद ही वह चर्चा के केंद्र में आईं थी और लेडी सिंघम का तमगा हासिल किया था। हालांकि अब एक बार फिर मुंगेर हिंसा को लेकर वह सवालों के घेरे में हैं और उन्हें मुंगेर एसपी के पद से हटाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *