कांग्रेस के अधिवेशन के दूसरे दिन आज प्रियंका गांधी काफी एक्टिव नजर आईं। यूँ तो वह पार्टी के कार्यक्रमों से दूर रहती हैं लेकिन सक्रिय राजनीति में न होने के बावजूद कई ऐसे मौके आये हैं जब वह पार्टी की कमान पर्दे के पीछे रह कर थामती नजर आई हैं। बात चाहे अमेठी या रायबरेली में माँ और भाई के लिए चुनावी प्रचार की करें या आज के अधिवेशन की इतना तो तय है कि राहुल के साथ प्रियंका हरदम खड़ी नजर आती है। यही वजह भी है कि राहुल के अध्यक्ष बनने के बाद हो रहे इस पहले अधिवेशन में भी वह न सिर्फ सक्रिय रहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी संभालती नजर आईं।
अधिवेशन के दौरान की सामने आई तस्वीरों में प्रियंका अलग-अलग नेताओं से चर्चा करती दिखीं। इसके अलावा वह अपने फ़ोन से इस कार्यक्रम की तस्वीरें लेती हुई भी नजर आई। सूत्रों की माने तो इस कार्यक्रम के आयोजन की पूरी जिम्मेदारी प्रियंका ने ही संभाल रखी है और हर व्यवस्था पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। प्रियंका को अधिवेशन में देखते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान राहुल प्रियंका जिंदाबाद और बचा लो हिंदुस्तान हमारा जैसे नारे भी बुलंद किये। आपको बता दें कि प्रियंका को कई बार सक्रिय राजनीति में लाने की मांग कार्यकर्ता करते रहे हैं हालांकि उनकी तरफ से कोई जवाब कभी भी नही आया।